बारिश से दिल्ली-एनसीआर की सड़कों पर भरा पानी, IGI एयरपोर्ट पर भी भरा पानी


नई दिल्ली, पिछले 20 घंटे से रुक- रुक कर बारिश हो रही है। दिल्ली-एनसीआर मे उमस भरी गर्मी से तो लोगो को राहत मिली है, लेकिन बारिश के जलभराव ने लोगो का बुरा हाल कर दिया है  दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम के साथ फरीदाबाद में भी हर तरफ बारिश का पानी भरा हुआ है, जिसके चलते ट्रैफिक जाम लगा हुआ है। सड़क पर वाहनों की गति धीमी हो गई है। वहीं, दिल्ली में पालम स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा परिसर में भी पानी भर गया है। रने-वे पर भी पानी भरा हुआ है, जिसके चलते कई फ्लाइट भी रद की गई हैं। इस विषय में दिल्ली एयरपोर्ट की ओर से बयान जारी किया है। इसमें कहा गया है कि असुविधा के लिए खेद है। अचानक हुई भारी बारिश के कारण कुछ देर के लिए परिसर में जलभराव हो गया। फिलहाल समस्या दूर हो गई है। वहीं, राष्ट्रीय राजधानी में भारी बारिश के कारण चार घरेलू उड़ानें और एक अंतरराष्ट्रीय उड़ान दिल्ली से जयपुर और अहमदाबाद के लिए डायवर्ट की गई है।

दिल्ली-एनसीआर के सभी अंडरपास में भरा पानी

मिंटो ब्रिज, जखीरा, प्रहलादपुर समेत दिल्ली-एनसीआर के सभी अंडरपास पर पानी भरा हुआ है। दिल्ली यातायाद पुलिस ने भी लोगों को अंडरपास के रास्तों का इस्तेमाल नहीं करने की सलाह दी है। वहीं, रूट डायवर्जन और जलभराव ने वाहन चालकों की मुश्किल बढ़ा दी है। गुरुग्राम, नोएडा, गाजियाबाद और फरीदाबाद से दिल्ली आ रहे लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

इस बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले रविवार को भी बारिश के मद्देनजर आरेंज अलर्ट जारी किया है और दिल्ली-एनसीआर में हल्की से मध्यम स्तर की बारिश की भविष्यवाणी की है।

शुक्रवार रात से रुक-रुक कर हो रही बारिश के चलते रिंग रोड पर डब्ल्यूएचओ बिल्डिंग के सामने पानी भरा हुआ है। ऐसे में यहां पर वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई है।

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, देश की राजधानी दिल्ली में सितंबर में अब तक बारिश औसत से ज्यादा रही है। दिल्ली-एनसीआर के साथ शनिवार और रविवार को उत्तराखंड में तेज बारिश होने के आसार हैं। इसके अलावा, जम्मू और हिमाचल प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश होने का अनुमान है।

Previous Post Next Post