किसानों और जाटों को साधने का प्रयास, पश्चिम यूपी के मिशन पर सीएम योगी

बीजेपी 2022 की सियासी जंग फतह करने के लिए वेस्ट यूपी को साधने में जुट गई है. प्रदेश के हर जिले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम की रूपरेखा बनाई गई है. इस दौरान योगी सरकार के साढ़े चार साल की उपलब्धियां बताने के साथ-साथ कुछ विकास योजनाओं का शिलान्यास भी करेंगे.


उत्तर प्रदेश में चार महीने बाद प्रस्तावित विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी फुल एक्टिव हो गए हैं  और उन्होंने मोर्चा संभाल लिया है. वो बीजेपी के पक्ष में माहौल बनाने के लिए जुट गए हैं. पूर्वांचल के जौनपुर और गाजीपुर दौरे के बाद सीएम योगी पश्चिम यूपी की सियासी नब्ज की थाह लेने जा रहे हैं, जहां वो विकास योजनाओं की सौगात भी देंगे.

किसान आंदोलन और जाट समुदाय की नाराजगी से बीजेपी का पश्चिम यूपी का समीकरण बिगड़ता नजर आ रहा है. ऐसे में बीजेपी 2022 की सियासी जंग फतह करने के लिए वेस्टयूपी को साधने में जुट गई है. प्रदेश के हर जिले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम की रूपरेखा बनाई गई है. इस दौरान योगी सरकार के साढ़े चार साल की उपलब्धियां बताने के साथ-साथ कुछ विकास योजनाओं का शिलान्यास भी करेंगे.  


मुरादाबाद-बिजनौर पहुंचेंगे योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को मुरादाबाद के ठाकुरद्वारा के रतूपुरा में जनसभा को संबोधित करेंगे. सीएम योगी यहां 30 परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे. इसके साथ ही मुख्यमंत्री योगी की मौजूदगी में विभिन्न पेंशन योजनाओं के अलावा मुख्यमंत्री आवास योजनाके लाभार्थियों को चाबी सौंपी जाएगी. इसके बाद सीएम बिजनौर रवाना हो जाएंगे.  


बिजनौर में मेडिकल कॉलेज का शिलान्यास

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को दोपहर डेढ़ बजे बिजनौर के मधुसुदनपुर देवीदास में बन रहे मेडिकल कॉलेज का शिलान्यास करेंगे. इसके बाद जनता को संबोधित करने का भी कार्यक्रम रखा गया है, जहां मुख्यमंत्री बिजनौर की जनता से साढ़े 4 साल में किए गए  कार्यों को लेकर मंच से अपनी बात रखेंगे. इस दौरान वो खास फोकस किसानों के लिए बीजेपी सरकार में किए गए विकास कार्यों पर रखेंगे. बिजनौर के बाद सम्भल के कैला देवी में जनसभा को संबोधित करेंगे. 

जाट और किसान को दिया संदेश 

बागपत में तीन सड़कों के नाम चौधरी चरण सिंह, महेंद्र सिंह टिकैत और शूटर दादी चंद्रो तोमर के नाम पर रखने को प्रदेश सरकार ने मंजूरी दे दी है. बागपत जनपद के टांडा-रमाला रोड चौधरी चरण सिंह मार्ग के नाम पर होगी तो छपरौली-बरनावा मार्ग चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत मार्ग के रूप में जाना जाएगा. ग्राम जोहड़ी में बिजली घर के सामने से ग्राम विजयवाड़ा तक जाने वाली सड़क को दादी चंद्रो तोमर मार्ग के रूप में रखा गया.  

Previous Post Next Post