लखनऊ: आज आयकर विभाग ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव राजीव राय समेत कई नेताओं के ठिकानों पर छापा मारा है. इस पर समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग हो रहा है. भाजपा चुनाव में हार की डर के कारण ऐसा कर रही है. उन्होंने कहा कि उप्र की जनता 2022 के चुनाव में भाजपा का साथ नहीं देने वाली है.
उन्होंने ट्विटर पर पोस्ट करते हुए लिखा है, ‘भाजपा का हार का डर जितना बढ़ता जायेगा, विपक्षियों पर छापों का दौर भी उतना बढ़ता जाएगा फिर भी सपा का रथ व हर कार्यक्रम बदस्तूर चलता जाएगा. अब तो जनता पूरी तरह भाजपा के खिलाफ विपक्ष के साथ खड़ी है, अब क्या बाइस के लिए भाजपा सरकार उप्र की बाइस करोड़ जनता के यहां छापे डालेगी.”
बता दें कि इनकम टैक्स ने आज सपा के राष्ट्रीय सचिव राजीव राय के मऊ ठिकाने, अखिलेश यादव के पीएस जैनेंद्र यादव के लखनऊ ठिकाने और आरसीएल ग्रुप के मालिक मनोज यादव के मैनपुरी ठिकाने पर एकसाथ छापेमारी की है. वहीं छापेमारी को लेकर उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव बीजेपी पर हमलावर हैं. उन्होंने कहा है कि चुनावों में हार को देखकर बीजेपी परेशान है. अब बीजेपी कोई भी जोर लगा ले, लेकिन यूपी में सरकार नहीं बनने वाली है .