प्रधानमंत्री ने शाहजहांपुर में कहा ‘यूपी + योगी, बहुत है उपयोगी’

शाहजहांपुर में प्रधानमंत्री ने आज उत्तर प्रदेश में करीब 600 किलोमीटर लंबे गंगा एक्सप्रेस-वे की आधारशिला रखी. इस दौरान उन्होंने जोर देकर कहा कि यूपी में विकास के लिए योगी सरकार की जरूरत है. उन्होंने कहा कि आज पूरी जनता कह रही है, यूपी प्लस योगी, बहुत है उपयोगी. उन्होंने कहा कि गंगा एक्सप्रेसवे यूपी के विकास को गति मिलेगी. इससे एयरपोर्ट, मेट्रो, वाटरवेज, डिफेंस कॉरिडोर को भी जोड़ा जाएगा. 
उन्होंने कहा कि योगी जी के नेतृत्व में यहां सरकार बनने से पहले पश्चिम यूपी में कानून-व्यवस्था की क्या स्थिति थी, इससे जनता भलीभांति परिचित है. पहले यहां क्या कहते थे? दिया बरे तो घर लौट आओ! क्योंकि सूरज डूबता था, तो कट्टा लहराने वाले सड़कों पर आ धमकते थे. आज जब जब माफिया पर बुल्डोजर चलता है, तो दर्द उसे पालने-पोसने वाले को होता है. इसीलिए यूपी की जनता योगी सरकार को ही चाहती है. 
बेटियों की सुरक्षा पर आए दिन सवाल उठते रहते थे, उनका स्कूल कॉलेज जाना तक मुश्किल कर दिया था. व्यापारी घर से सुबह निकलता था परिवार को चिंता होती थी. कब कहां दंगा और आगजनी हो जाये कोई नहीं कह सकता था. इसी स्थिति के चलते कईं गांवों से पलायन की खबरें आती रहती थीं. लेकिन बीते 4 साढ़े 4 साल में योगी जी की सरकार ने स्थिति को सुधारने के लिए बहुत परिश्रम किया है.
उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि यही लोग हैं जो भारतीय वैज्ञानिकों की बनाई मेड इन इंडिया कोरोना वैक्सीन को कठघरे में खड़ा कर देते हैं. आतंक के आकाओं के खिलाफ सेना की कार्रवाई पर सवाल उठाते हैं. ये देश बहुत बड़ा और बहुत महान है. सरकारें पहले भी आती-जाती रही हैं, देश के विकास और सामर्थ्य का उत्सव हम सभी को खुले मन से मनाना चाहिए. सरकार जब सही नीयत के साथ काम करती है, तो क्या परिणाम आते हैं, ये बीते 4, 5 सालों में यूपी ने अनुभव किया है. उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार ने उप्र को पहले के मुकाबले ज्यादा बिजली दी है.

Previous Post Next Post